अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की थलीसैण इकाई ने तहसील में स्थायी एसडीएम व तहसीलदार की तैनाती की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि तहसील में अधिकारियों के न होने से ग्रामीणों की जनसमस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। अभाविप कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में एनसीसी यूनिट खोलने की मांग भी की।
अभाविप के सह विभाग संयोजक अजयपाल सिंह नेगी ने बताया कि तहसील थलीसैण लंबे समय से प्रभारी एसडीएम व तहसीलदार के भरोसे चल रही है जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता है। थलीसैण का प्रभार एसडीएम श्रीनगर को सौंपा गया है जिससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान को लेकर श्रीनगर जाना पड़ता है। उन्होंने क्षेत्र में एनसीसी की एक यूनिट खोलने, खेल मैदान बनाने, पीजी कालेज थलीसैण के छात्र-छात्राओं के लिए बस सुविधा, एमएससी व बीएड पाठ्यक्रम के संचालन की मांग भी की। डीएम ने छात्रों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नगर मंत्री जगमोहन सिंह, कॉलेज मंत्री पूरन सिंह, सुरेंद्र सिंह, शिवांग धस्माना और सुमित आदि मौजूद रहे।