पीपल चौरी मे एनआईटी के स्थायी परिसर को लेकर धरना प्रदर्शन करते श्रीनगर के लोग
- फोटो : SHRINAGAR
एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) उत्तराखंड के स्थायी कैंपस के निर्माण, मेडिकल कॉलेज, शुद्ध पेयजल आपूर्ति और पानी के मीटरों के विरोध सहित सहित अन्य मांगों के लिए प्रगतिशील जनमंच (प्रजम) के बैनर तले स्थानीय लोगों ने सांकेतिक धरना दिया। आंदोलन को नगर पालिका अध्यक्ष पूनम तिवाड़ी, कांग्रेस और छात्र संगठनों ने समर्थन दिया।
रविवार को प्रजम के सदस्य नगर पालिका चौराहे पर स्थित पीपलचौरी में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने पूर्वाह्न 11 से धरना दिया। इस अवसर पर प्रजम के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने कहा कि एनआईटी संचालित होते हुए 9 साल हो गए हैं, लेकिन अभी तक सरकार एनआईटी के स्थायी कैंपस का निर्माण नहीं कर पाई है। उन्होंने रोष जताया कि मेडिकल कॉलेज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। सरकार ने उसको सेना के हवाले करने का झूठा नाटक किया। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए हजारों पेड़ों की बलि दी गई, लेकिन सड़क का निर्माण अनियंत्रित तरीके से हो रहा है। वक्ताओं ने कहा कि पानी के मीटर सिर्फ श्रीनगर में लगे हैं। जोकि गलत है। जल संस्थान अनाप शनाप पानी के बिल भेज रहा है। धरने में पालिका सभासद विनोद मैठाणी, सदानंद पुरी, परवेज अहमद, हीरा लाल जैन, राजेश्वरी जोशी, वसंती जोशी, जेपी पुरी, मुकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।