जम्मू। जम्मू संभाग में आने वाले सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को यूनीफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफोर्मेशन सिस्टम फॉर एजूकेशन (यूडीआईएसई) कोड लेना अनिवार्य कर दिया गया है। स्कूलों की पूरी जानकारी प्राप्त करने के लिए शिक्षा विभाग ने ये फैसला किया गया है। इस श्रेणी में जम्मू संभाग में जितने भी स्कूल हैं चाहे वह आर्मी स्कूल हैं, जवाहर नवोदय विद्यालय, प्राइवेट या सरकारी, सभी को 10 जून से पहले एचआरडी मिनिस्ट्री पोर्टल यूडीआईएसई पर स्कूल की पूरी जानकारी उपलब्ध करवानी होगी। गौरतलब है कि सभी स्कूलों को यूडीआईएसई कोड लेना पड़ता है जो एचआरडी मिनिस्ट्री की योजना है, इस कोड में हर स्कूल को अपनी सारी जानकारी डालनी पड़ती है। डायरेक्टर स्कूल एजूकेशन अनुराधा गुप्ता का कहना है कि पिछले साल यूडीआईएसई कोड में ऑल इंडिया लेवल पर जम्मू का प्रदर्शन काफी बेहतरीन रहा था और इस साल भी कोशिश जारी है कि उससे भी अच्छा प्रदर्शन रहे।
अपंजीकृत स्कूलों का पता चलेगा
शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि कुछ प्राइवेट स्कूल और एनजीओ द्वारा चलाए जाने वाले स्कूलों की जानकारी विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। इन स्कूलों की पूरी जानकारी जब यूडीआईएसई कोड पर चढ़ाई जाएगी तो कई अपंजीकृत स्कूलों का पता चलेगा। सारी जानकारी विभाग के पास होने से जो स्कूल सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं उनकी मान्यता रद्द की जाएगी।
कोट
यूडीआईएसई कोड पर सभी स्कूलों को 10 जून से पहले सारी जानकारी उपलब्ध करवाना अनिवार्य है। सर्कुलर निकालकर सभी स्कूलों को यूडीआईएसई डाटा अपलोड करने के लिए कहा गया है जो कि पूरे देश में चल रहा है। ऐसे बहुत से स्कूल हैं जिनके पास यूडीआईएसई कोड भी नहीं है तो सर्कुलर के माध्यम से उन्हें जल्द से जल्द यूडीआईएसई कोड लेकर उस पर जानकारी डालने के लिए कहा गया है।
- अनुराधा गुप्ता डायरेक्टर स्कूल एजूकेशन