नगर पालिका क्षेत्र में विभिन्न स्थानों में मलबा घुसने को लेकर लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है। नगर पालिका ने पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भक्तियाना में निर्मित नाले का काम पूरा करने के लिए पत्र भेजा है।
अधिशासी अधिकारी राजेश नैथानी ने कहा कि पौड़ी मार्ग पर डांग के पानी की निकासी के लिए बनाए जा रहे नाले को लोनिवि ने आधा छोड़ दिया है, जिसके चलते लोवर भक्तियाना में जल भराव हो रहा है। उन्होंने उक्त नाले को पौड़ी चुंगी नाले से जोड़ने का अनुरोध किया। वार्ड सभासद श्रीकोट विभोर बहुगुणा का कहना है कि लोनिवि की कार्यप्रणाली से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से पानी दुकान व घरों में घुसा। यदि बरसाती पानी के निकासी की उचित व्यवस्था होती, तो पानी ड्रेन में चला जाता। प्रो. मोनिका गुप्ता ने बताया कि जमीन धंसने से उनके और दो अन्य के भवनों को खतरा हो गया है। इधर, लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता दिनेश बिजल्वाण ने बताया कि पौड़ी राजमार्ग पुल का प्रस्ताव है। पुल बनने से पानी की निकासी की व्यवस्था हो जाएगी। ब्यूरो