14वीं गढ़वाल राइफल में तैनात लांसनायक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। फौजी यहां
कैंट स्कूल के पास पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सैनिक को अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का लग रहा है।
सोमवार को करीब आठ बजे कैंट स्कूल से मात्र सौ मीटर दूरी पर जंगल में स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। अस्पताल भिजवाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
थाना प्रभारी अमित चौधरी ने बताया कि अस्पताल पहुंचाने से पूर्व वह थोड़ा होश में था। उसके पास मिले दस्तावेजों के अनुसार उसकी पहचान लांस नायक राकेश कुमार 14वीं गढ़वाल राइफल्स के रूप में हुई है। वर्तमान में उसकी तैनाती रानीखेत में थी।
वह सतपुली के ग्राम कुमराड़ी पोस्ट बौंसाल का रहने वाला था। वह लैंसडौन क्यों और किस काम से आया था, इस बात की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेज दिया है।
पुलिस को घटनास्थल से कीटनाशक की एक खाली शीशी भी पड़ी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि सैनिक की मौत जहर पीने से हुई है। हालांकि अभी पुलिस इस मामले में कुछ कहने से बच रही है। एसओ चौधरी के अनुसार पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। मामले की छानबीन की जा रही है।