पाबौ। राठ महाविद्यालय पैठाणी में दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय बालिका हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई है। प्रतियोगिता में राठ महाविद्यालय, डीएवी देहरादून व बिड़ला परिसर श्रीनगर की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन हुए मैच में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने बिड़ला कैंपस श्रीनगर को 2-0 से पराजित किया।
महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का सामाजिक कार्यकर्ता प्रीति नौडियाल, प्रधान पैठाणी विनोद आर्य व जिला पंचायत सदस्य चैत सिंह रावत ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। प्रतियोगिता का पहला मैच डीएवी व बिड़ला कैंपस बीच खेला गया। डीएवी ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए बिड़ला कैंपस पर एकतरफा जीत दर्ज कर अगले राउंड में जगह बनाई। डीएवी के ओर से अंकिता और नीलम ने एक-एक गोल किए। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार नेगी, सह निदेशक खेल डॉ. मोहित बिष्ट, शरद सिंह गुसाईं, प्रकाश नौडियाल, जीएस रावत, लक्ष्मी गोदियाल, कविता गुसाईं आदि मौजूद रहे।