विकास खंड कोट के देलचौरी क्षेत्र के ग्रामीणों को अब शीघ्र ही पेयजल समस्या से निजात मिलेगी। चार और छह जुलाई के अंक में समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद विभाग की ओर से पाइप लाइन के लीकेज को बंद करने का काम शुरू कर दिया गया है।
देलचौरी क्षेत्र के करीब 12 गांवों में इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी की पंपिंग योजना से ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति की जाती है। एक माह से कई स्थानों पर जर्जर पाइप लाइन लीक होने से क्षेत्र में आंशिक आपूर्ति के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों की ओर से कई बार गुहार लगाने के बाद भी किसी ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। समाचार पत्र में प्रकाशन के बाद मंगलवार से पाइप लाइनों के लीकेज को बंद करने का काम शुरू कर दिया गया है।
पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता आरसी मिश्रा ने बताया कि योजना की पाइप लाइन अत्यधिक जर्जर होने से कई स्थानों पर पानी लीक हो रहा है। इस कारण मुख्य टैंकों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता है। घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से भी एक वर्ष से विभाग को मेंटेनेंस का पैसा नहीं दिया गया है। इस कारण योजना के रखरखाव और संचालन में समस्या आ रही है। लीकेज को बंद करने के लिए मंगलवार को वेल्डिंग मशीन और श्रमिकों को क्षेत्र में भेज दिया गया है। जल्द ही क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।