श्रीनगर। चैत्र नवरात्र पर भक्तियाना स्थित शीतला माता मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि जीवन की कामना कर रहे हैं। मान्यता है कि मां शीतला की आराधना से चेचक, ज्वर समेत अन्य रोगों से मुक्ति मिलती है। पुजारी मगनानंद पटवाल के अनुसार, होली के बाद पहले सोमवार से शुरू होने वाली मां शीतला की ‘जात’ इन दिनों नवरात्र के साथ पड़ने से मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई है। यह परंपरा बैसाखी तक चलती है जिसमें दूर-दराज से भी भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु चावल और हल्दी से बनी पिट्ठी से माता को तिलक अर्पित करते हैं और हाथों के छाप भी लगाते हैं। साथ ही गुलगुले का भोग चढ़ाया जाता है। संवाद
फोटो
भगवान के स्मरण से दूर हो जाते हैं कष्ट
श्रीनगर। ब्राह्मण मोहल्ला में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने उद्धव-गोपी प्रसंग की कथा सुनी। कथा व्यास आचार्य दीपक नौटियाल ने कहा कि भगवान प्रेम के भूखे होते हैं। सच्चे भाव से भगवान के स्मरण मात्र से ही कष्टों का निवारण हो जाता है। उन्होंने लोगों से अपने पाल्यों को अच्छे संस्कार देने के लिए प्रेरित किया। मौके पर कुलवंत चौहान, बलवंत चौहान, रामानंद भट्ट, डाॅ. अजय गोयल, पुरुषोत्तम गैरोला आदि मौजूद रहे। संवाद