पौड़ी। कल्जीखाल विकासखंड के तोली गांव में मां नंदा देवी के मंदिर से रात चोर चांदी के 30 छत्र और तीन दानपात्रों में रखी नकदी उड़ा ले गए। इसके अलावा नथ, कुंडल एवं कुछ अन्य सामान भी चोरी हुआ है। चोरों ने मंदिर में लगे ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
कफोलस्यूं पट्टी के मदन सिंह भंडारी ने कहा कि गांव की कुछ महिलाएं खेत में गई थीं। तभी पता चला कि मंदिर में चोरी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जाकर देखा तो मंदिर का ताला तोड़कर चोर मंदिर के छत्र, चांदी की पायल, नथ, कुंडल आदि चुरा ले गए। इसके अलावा तीन दानपात्रों से लगभग दस हजार रुपये की नकदी व पीतल की दस घंटियां भी चोरी हो गईं। चोरी के बाद मंदिर के तीन खाली दानपात्र मंदिर के पास मिले हैं। उन्होंने कहा कि पीपलीपानी कफोलस्यूं राजस्व पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो साल पहले भी मां नंदा देवी के इस मंदिर से चोरी हुई थी। सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत मोहन बिष्ट ने कहा कि यह लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। राजस्व पुलिस जल्द मामले का खुलासा करे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फेरी एवं अन्य कार्यों से बाहर से आने वाले लोगों का सत्यापन न होने से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।