श्रीनगर। बिल्वकेदार में स्कूटी से मोबाइल फोन चुराने वाले युवक को पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी से चोरी के तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय भेज दिया है।
9 जून को शहर के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मार्ग निवासी अमन कंडारी ने तहरीर दी थी कि 31 मई को वह अपने दोस्तों के साथ बिल्वकेदार गया था। उन लोगों ने अपने 3 मोबाइल फोन स्कूटी की डिग्गी में रख दिए थे। जब वह वापस आए, तो फोन गायब मिले।
उन्होंने अपर बाजार निवासी अंकित नौटियाल (20) पर चोरी का शक जाहिर किया था। पुलिस ने अंकित के खिलाफ चोरी की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर लिया। एसआई मुकेश ने रविवार देर शाम अंकित को हिरासत में ले लिया। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि आरोपी से तीनों मोबाइल फोन बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। अंकित ने स्वीकारा है कि उसने मास्टर की से स्कूटी की डिग्गी खोलकर मोबाइल फोन चुराए थे।
अंकित कुछ माह पूर्व मोटर साइकिल चुराने के मामले में दोस्तों के साथ पकड़ा गया था।