श्रीनगर नर्सरी रोड़ पर क्रेन की टक्कर से क्षतिग्रस्त बिजली का पोल ------- संवाद
श्रीनगर। नर्सरी रोड पर शुक्रवार देर रात एक क्रेन बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे कई घरों की बिजली गुल हो गई। हालांकि कुछ मोहल्लों में तो आपूर्ति एक घंटे में हो गई थी, लेकिन आसपास के घरों में करीब 20 घंटे बाद सप्लाई हो पाई।
नर्सरी रोड पर नीचे जाते समय तेज ढलान व ऊपर की ओर से आने पर खड़ी चढ़ाई है, जिससे यहां आए दिन हादसा होता रहता है। स्थानीय निवासी दिनेश पंवार, हिमांशु भट्ट का कहना है कि कई बार स्थानीय प्रशासन सहित मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की गई है। बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि मार्ग की बदहाल स्थिति पर भी नगर निगम की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
एसडीओ सचिन सचदेवा ने कहा कि क्रेन की टक्कर से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके स्थान पर नया पोल लगाया जा रहा है। शनिवार को दिनभर यह काम जारी रहा, जिससे बिजली आपूर्ति सुचारू करने में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि क्रेन संचालक से इसका हर्जाना लिया जाएगा। संवाद