कोविड अस्पताल के कोरोना संदिग्ध वार्ड में भर्ती एक युवक की मौत हो गई। 1 अक्तूबर को युवक का सैंपल लिया गया था और 3 अक्तूबर को उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं मृतक के परिजनों और नगर पालिका सभासद विभोर बहुगुणा ने युवक के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी युवक को कोविड संदिग्ध वार्ड में भर्ती कर कोरोना का इलाज किया गया। इस प्रकरण में शनिवार रात को परिजनों की अस्पताल प्रशासन से काफी बहस भी हुई।
घसिया महादेव निवासी 40 वर्षीय शैलेंद्र नेगी 2 अक्तूबर की सुबह स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वयं मेडिकल कॉलेज गया था। जहां उसे कोविड अस्पताल के कोरोना संदिग्ध वार्ड में भर्ती कर दिया गया और शनिवार रात उसकी मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई राजेंद्र सिंह ने बताया कि चोट लगने से शैलेंद्र के सीने में दर्द हो रहा था। इस वजह से वह अस्पताल गया, लेकिन उसको कोविड संदिग्ध वार्ड में भर्ती कर कोरोना का इलाज किया गया। शैलेंद्र ने फोन पर बताया था कि इलाज के नाम पर उसको दवाइयां खिलाई जा रही हैं, जिससे उसको नशा हो रहा है। वह मेडिकल कॉलेज के बजाय अन्य अस्पताल में उपचार कराना चाहता है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने रात में भाई को देखने की इच्छा जताई, तो पुलिस बुला दी गई। रात में कोविड संदिग्ध वार्ड में नहीं जाने दिया गया, जबकि सुबह सामान के लिए वार्ड में भेज दिया गया। पालिका सभासद बहुगुणा ने कहा कि रिपोर्ट निगेटिव आने के बावजूद उसको सामान्य आईसीयू में भर्ती न करना लापरवाही उजागर करता है। इधर, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने बताया कि लीवर की बीमारी ने युवक के दिमाग पर असर डाल दिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हुई है। इलाज मेें लापरवाही नहीं बरती गई है।
टिहरी जिले में रिकॉर्ड 157 लोग कोरोना पॉजिटिव
नई टिहरी/रुद्रप्रयाग/देवाल/गोपेश्वर। टिहरी जिले में कोरोना संक्रमण के पिछले सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। रविवार को 157 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि रविवार को चंबा ब्लॉक क्षेत्र में सर्वाधिक 121 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी को कोविड केयर सेंटरों में आइसोलेट किया है। वहीं रुद्रप्रयाग जिले में कोरोना के आठ नए मामले आए हैं। उन्हें आइसोलेशन वार्ड अगस्त्यमुनि में भर्ती कर दिया गया है।
देवाल में स्टेट बैंक के 2 कर्मचारी सहित 6 लोगों को रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। एसबीआई के प्रबंधक मोहित चनियाल ने कहा कि कैशियर सहित 4 कर्मचारी 10 अक्तूबर तक होम आइसोलशन में हैं। वहीं चमोली जिले में रविवार को 31 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए। जिले में 700 सैंपल की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।