पौड़ी। नगर पालिका के सभासदों ने मुख्यालय समेत आस पास के क्षेत्रों में गुलदार की घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने डीएफओ से मुलाकात कर नगर क्षेत्र में गुलदार व बंदराें की समस्या के साथ ही खतरा बने पेड़ों को हटाने की मांग की है।
सोमवार को सभासदों ने डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पौड़ी व इससे सटे हुए इलाकों में गुलदार की दहशत बनी है। उन्होंने बच्चाें, महिलाओं व बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए ठोस योजना तैयार करने की मांग की। बताया कि नगर क्षेत्र में इन दिनाें लोग बंदरों से भी परेशान हैं। बंदर घरों से खाना उठा ले जा रहे हैं, फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में पुराने व खतरा बने पेड़ों के शीघ्र कटाने की भी मांग की। सभासद गौरव सागर, बृजमोहन नेगी, शुभम रावत, रेखा चौहान, प्रदीप असवाल आदि मौजूद रहे।