श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के सिल्काखाल क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को जल्द श्रीनगर पहुंचने के लिए करीब 13 किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ सकती है। बैरांगना-गोरसाली-गुठाई-बिंदीघेरा मोटर मार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने दो करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी है। साढ़े पांच किलोमीटर लंबी इस सड़क को इसी वित्तीय वर्ष में वित्तीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में ग्रामीणों को श्रीनगर से सिल्काखाल पहुंचने के लिए नैनीसैंण होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। प्रस्तावित सड़क बनने से बिंदीघेरा और गुठाई होते हुए बैरांगना पुल तक सीधी आवाजाही हो सकेगी। इससे समय और वाहन किराये की बचत होगी। जिला पंचायत सदस्य निर्मला भंडारी ने बताया कि क्षेत्र में गुठाई गांव सब्जी उत्पादन का प्रमुख केंद्र हैं।
यहां की सब्जी व अन्य उत्पाद श्रीनगर व कीर्तिनगर के बाजार तक पहुंचे हैं। गांव तक सड़क बनने से लाेगों को काफी सुविधा मिल सकेगी। बताया कि लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर ने करीब एक वर्ष पहले गोरसाली, गुठाई और बिंदीघेरा गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए बैरांगना गदेरे से सर्वे किया था। प्रस्तावित अलाइनमेंट पर कुछ लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
इसके बाद विभाग ने दोबारा सर्वे कराकर डीपीआर तैयार की। विभाग के अनुसार, आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर समस्या पर लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि साढ़े पांच किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए करीब दो करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई है। इसी वित्तीय वर्ष में सड़क निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। बताया कि शासन से जो आपत्तियां लगाई गई थी उनका निस्तारण कर फिर से डीपीआर भेजी गई है।