जिला मुख्यालय पौड़ी में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष की नियुक्ति का विवाद सड़क तक पहुंच गया है। प्रकरण में कांग्रेस दो गुटों में बंटी नजर आ रही है। एक धड़े ने जहां नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के सम्मान में समारोह आयोजित किया। वहीं, दूसरे गुट ने नियुक्ति के विरोध में महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नीलम रावत को महिला कांग्रेस का दोबारा जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर विवाद बढ़ता जा रहा है। सोमवार को विरोधी गुट ने प्रदेश प्रभारी परमिंदर कौर का पुतला फूंक प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश सचिव सरिता नेगी ने दावा किया कि नीलम रावत कांग्रेस से निष्कासित है। उनकी विधिवत पार्टी में वापसी हुई ही नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक यह नियुक्ति निरस्त नहीं कर दी जाती तब तक विरोध जारी रहेेगा। साथ ही जिलाध्यक्ष के तौर पर कमला रावत के नेतृत्व में ही कार्यक्रम आयोजित होंगे। दूसरी ओर जिला पंचायत सभागार पौड़ी में हुई जिला महिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में नीलम रावत का स्वागत किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष गोदाबंरी रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नीलम रावत ने कहा कि उनकी नियुक्ति हाईकमान ने की है। कुछ लोग पार्टी को कमजोर करने के साथ ही अनुशासनहीनता दिखा रहे हैं। एआईसीसी सदस्य राजपाल बिष्ट ने कहा कि नीलम रावत के नेतृत्व में महिला कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
ज्वालापुर विधायक का फूंका पुतला
पौड़ी। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीलम रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौड़ का पुतला फूंका। नीलम रावत ने कहा कि भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ नारे तक ही सीमित है। उनके दो विधायकों पर महिलाओं से दुष्कर्म के आरोप हैं, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने में जुटी है।