श्रीनगर के कई मोहल्लों में कम प्रेशर से लोग परेशान, जल संस्थान के खिलाफ बढ़ रही नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। शहर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति के दावों के बीच लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। बुधवार शाम गुरुद्वारा रोड, नर्सरी रोड, नंदा देवी मोहल्ला और भक्तियाना में कम प्रेशर से पानी आया और कुछ ही देर में आपूर्ति ठप हो गई। लोगों के अनुसार, आधे घंटे से भी कम समय तक पानी आया। इससे रोज का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
शहर में बार-बार बाधित हो रही पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों में जल संस्थान के प्रति नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पानी की आपूर्ति नियमित नहीं होने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, 24 घंटे पानी देने के दावों के बावजूद कई मोहल्लों में पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। शहरवासी सुरेश चंद्र और दीपक ने बताया कि बृहस्पतिवार को नल में पानी आया तो लगा कि आपूर्ति सामान्य हो गई है, लेकिन आधे घंटे से पहले ही पानी बंद हो गया। उन्होंने कहा कि पानी की यह दिक्कत कब दूर होगी, कहना मुश्किल है। लोगों ने पेयजल व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने की मांग की है। जल संस्थान की कनिष्ठ अभियंता पूजा ने बताया कि बुधवार को पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पाइपलाइन की वेल्डिंग करा दी गई है। उन्होंने बृहस्पतिवार सांय से पेयजल आपूर्ति सामान्य होने की बात कही।