ब्लाक मुख्यालय पाबौ में उत्तराखंड क्रांति दल की त्रैमासिक बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश को भाजपा-कांग्रेस ने लूट का अड्डा बना दिया है। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री बदले जा रहे हैं लेकिन जनसमस्याएं कम नहीं हो रही हैं।
बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय संगठन महामंत्री सुरेश चंद्र जुयाल ने किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार की स्थिति बेहद खराब है, लेकिन मुख्यमंत्री महिलाओं के कपड़ों पर टिप्पणी कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष मनमोहन पंत ने कहा कि जनता 2022 में उक्रांद को प्रदेश की कमान सौंपने का मन बना चुकी है। कार्यक्रम में कई लोगों ने उक्रांद की सदस्यता ली। कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए आशीष राणा को ब्लाक कार्यकारी अध्यक्ष, शंकर गुसाईं को मीडिया प्रभारी बनाया गया। कार्यकारिणी में अजय सिंह युवा ब्लाक अध्यक्ष, राजेश नेगी संगठन मंत्री, मंदीप रौथाण सचिव व कलम भंडारी महामंत्री चुने गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक अध्यक्ष देवेश डोभाल और संचालन ब्लाक संगठन महामंत्री दीपक कंडारी ने किया।