पौड़ी। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत प्रभारी मुख्य शिक्षाधिकारी ने शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं को सुनां। पोखड़ा ब्लाॅक के मालकोट गांव में सोमवार को शिविर प्रभारी सीईओ नागेंद्र बर्त्वाल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। शिविर में ग्रामीणों ने गांव में पेयजल किल्लत से अफसरों को रूबरू कराया। बताया कि गर्मियों का सीजन शुरू होते ही गांव व आसपास के क्षेत्रों में पानी की भारी किल्लत से जूझना पड़ता है। गांव में जिस स्रोत से पानी की आपूर्ति होती है।
गर्मियों में पूरी तरह से सूख जाता है। इस मौके पर ग्रामीणों ने उन्हें गांव के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को जाने वाले लिंक रोड की दयनीय स्थिति से भी रूबरू किया। ग्रामीणों ने सड़क के डामरीकरण के साथ ही पेयजल किल्लत से भी निजात दिलाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने गांव को संगलाकोटी पंपिंग पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति करने को कहा।
इस पर सीईओ ने बताया कि ग्रामीणों की दोनों समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित विभागों से पत्राचार किया जाएगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान सरिता देवी, विजय सिंह, मनीष कुमार, सतीश चंद्र, बंसती देवी, विमला और सुनीता आदि शामिल रहे। कार्यक्रम के बाद सीईओ ने खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय एकेश्वर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।