मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु खुराना ने मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) मदन सिंह रावत से जवाब तलब किया है। मामला चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में उपकरण खरीद से जुड़ा है। दो साल पहले के इस मामले में तीन सदस्यीय जांच टीम ने वित्तीय अनियमितता पाई थी।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने विधान सभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के माध्यमिक विद्यालयों को ई-लर्निंग से जोड़ने के लिए उपकरण खरीद को विधायक निधि से 34 लाख की धनराशि जारी की थी।
इस धनराशि से क्षेत्र के 49 माध्यमिक विद्यालयों में एलसीडी टीवी, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क आदि की खरीद की जानी थी। शिक्षा विभाग ने उपकरणों की खरीद के लिए कोई टेंडर प्रक्रिया जारी न कर सीधे एक फर्म से खरीदारी कर ली थी। बिना टेंडर प्रक्रिया के इस खरीद पर विवाद खड़ा हो गया था।
मामले की शिकायत पर सतपाल महाराज ने डीएम पौड़ी को जांच के निर्देश दिए थे। डीएम ने सीडीओ को जांच सौंपी। तत्कालीन सीडीओ दीप्ति सिंह ने जिला अर्थ एंव संख्याधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और कोषाधिकारी की तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए थे। जांच टीम ने अब रिपोर्ट सीडीओ हिमांशु खुराना को सौंपी है।
जांच रिपोर्ट में क्या है
जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि विभाग ने जिस फर्म से एलसीडी टीवी खरीदा है, वह 2003 में ही बंद हो चुकी है। साथ ही उपकरणों की खरीद के लिए शिक्षा विभाग ने धनराशि संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को चैक के रुप में प्रदान की थी। जबकि मानकों के तहत खरीदारी के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी।
वित्तीय अनियमितता सामने आने पर सीईओ से जवाब मांगा है। जवाब आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-हिमांशु खुराना, सीडीओ, पौड़ी।