श्रीनगर। एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि का फर्जी परीक्षा नोटिफिकेशन सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले को विवि प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। विवि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगा। विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल के अनुसार साइबर क्राइम के जरिए छात्र-छात्राओं को गुमराह करने की कोशिश की गई है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अनुरोध किया है कि परीक्षा या अन्य जानकारी के लिए विवि की ऑफिशियल वेबसाइट पर भरोसा करें।
बृहस्पतिवार को गढ़वाल विवि ने एक सितंबर से होने वाली सेेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित करते हुए 10 सितंबर की तय की। इस संबंध में विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. आरसी भट्ट की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया लेकिन इसी बीच शरारती तत्वों ने नोटिफिकेशन को एडिट कर इसमें 10 के बजाय 20 सितंबर अंकित कर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे छात्रों में असमंजस की स्थिति हो गई। ब्यूरो