तय समय के बाद शराब बेचने के आरोप में पुलिस ने ठेके के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। वीडियो में ठेके का सेल्समैन दुकान की खिड़की से शराब बेचता नजर आ रहा है।
बाजार पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित शराब की दुकान में आए दिन ओवर रेटिंग और निर्धारित समय के बाद भी शराब बेचने को लेकर हंगामा होता है। दुकान के कर्मचारी शटर गिराने के बाद खिड़की से शराब बेचते हैं। पूर्व में लोगों की शिकायत पर खिड़की को तार लपेट कर बंद कर दिया गया था।
शुक्रवार शाम 7 बजे के बाद जब यहां सेल्समैन शराब बेच रहे थे तो कुछ युवकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इस वीडियो को लेकर जिला उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष वासुदेव कंडारी ने सोशल मीडिया ने कहा कि व्यापारियों को दुकान साढ़े 6 बजे बंद कराने के लिए कहा जाता है। लेकिन, शराब की दुकानों पर कोई पाबंदी नहीं है। उन्होंने कहा कि शराब की दुकान के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी भी रात नौ बजे तक दुकानें खोलेंगे।
कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि शाम 7 बजे शराब बेचने पर सेल्समैन पंकज राणा, सुनील राणा व प्रवीण राणा आदि के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं महामारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।