कीर्तिनगर पुलिस बैरियर से लगभग 500 मीटर आगे ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर रामपुर पुलिया में एक कार अनियंत्रित होकर गदेरे में जा गिरी। कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे। हादसे में कार सवार को हल्की चोटें आई हैं जबकि अन्य लोग सुरक्षित हैं। उसे बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कराया गया। कार सवार केदारनाथ दर्शन के बाद लौट रहे थे। बताया जा रहा कि बैंड पर कार मोड़ते समय वह अनियंत्रित हो गई और गदेरे में जा गिरी।
कोतवाल कीर्तिनगर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात लगभग पौने एक बजे रामपुर पुलिया में एक कार 50 मीटर नीचे गदेरे में गिरने की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि कार को जितेंद्र शर्मा निवासी सोनीपत (हरियाणा) चला रहे था। कार में उसके अलावा सतेंद्र चौहान निवासी ए-50 ग्राम पल्ला शिव कॉलोनी फरीदाबाद (हरियाणा), लोकेश कुमार निवासी एलआईसी ब्लॉक-6 24बी- नोएडा (उत्तर प्रदेश), आशीष लांबा निवासी बसंत कुंज सेक्टर पॉकेट 01 नई दिल्ली और अनुराग मिश्रा निवासी करावल नगर (दिल्ली) सवार थे। दुर्घटना में अनुराग को चोटें आई हैं। बताया कि कार सवारों को कीर्तिनगर पुल पर स्थित बैरियर में रोका गया था। उन्होंने मलेथा के एक होटल में रात्रि विश्राम करने की बात कही थी लेकिन मलेथा से करीब एक किलोमीटर पहले ही यह हादसा हो गया।