वाहन में बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली व स्थानीय 39 यात्री थे सवार, सभी सुरक्षित
हादसे के कारण एक घंटे तक लगा रहा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवप्रयाग। बदरीनाथ से ऋषिकेश जा रही यात्रियों से भरी एक बस के तोताघाटी के निकट अचानक ब्रेक फेल हो गए जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई। गनीमत रही बस गहरी खाई में गिरने से बच गई जिससे बस में सवार सभी 39 यात्री सुरक्षित हैं। हादसे के कारण यहां एक घंटे तक जाम लगा रहा और बदरी-केदार जाने वाले यात्रियों के वाहन यहां फंस गए। बाद में हाइड्रा मशीन से बस को हटाकर आवाजाही सुचारु की गई।
देवप्रयाग थाना प्रभारी प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही बछेलीखाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अन्य वाहनों से ऋषिकेश के लिए रवाना किया। उन्होंने बताया कि बस में बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली और स्थानीय क्षेत्रों के यात्री सवार थे। चालक के अनुसार, ढलानदार मोड़ पर अचानक ब्रेक फेल होने से बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे के कारण बदरी-केदार यात्रा करीब एक घंटे तक बाधित रही, जिसे बाद में हाइड्रा मशीन से बस को हटाकर बहाल किया गया। राहत कार्य में सिपाही भूपेंद्र, पिंटू, विजय सैनी, दीपक सेमवाल व ग्राम प्रधान लक्षमोली सुरेश नेगी व वीरेंद्र चौहान आदि जुटे रहे।