पौड़ी। मुख्यालय पौड़ी में पहली बार पालिका अध्यक्ष के लिए महिला सीट आरक्षित हुई है। भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों की महिला उम्मीदवारों के चेहरे भी खिल गए हैं। दोनों ही दलों से 10 महिला उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी को लेकर लंबे समय से होमवर्क भी किया है।
वर्ष 1952 में बनी पौड़ी मुख्यालय की पालिका 72 सालों में पहली बार महिला आरक्षित हुई है। हालांकि महिला सीट को लेकर जारी हुई सूची अनंतिम है। इस सूची पर शासन की अंतिम मुहर लगी तो पौड़ी में पालिकाध्यक्ष की सीट पर महिला की ताजपोशी होगी। महिला आरक्षित होने के बाद भाजपा व कांग्रेस में अध्यक्ष की दावेदारी कर रहीं महिलाओं ने इस पद के लिए एक साल से जमकर होमवर्क भी किया है। भाजपा की जिलाध्यक्ष सुषमा रावत ने बताया कि पार्टी से छह महिलाएं दावेदार हैं। जिसमें बीरा भंडारी, कुसुम चमोली, बबीता रावत, प्रियंका थपलियाल, नीलम जुयाल व संगीता रावत शामिल हैं। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने बताया कि पार्टी से सरिता नेगी, नीलम रावत, यशोदा रावत व मीनाक्षी रावत की दावेदारी है। पार्टी कमान का निर्णय अंतिम होगा। जिसे भी टिकट मिलेगा, कार्यकर्ता उसके लिए कार्य करेंगे। वहीं निवर्तमान पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने पालिका सीट पहली बार महिला आरक्षित होने को नगरहित में बताया। कहा कि वे इस बार अपनी धर्मपत्नी की दावेदारी नहीं करेंगे।