कोटद्वार से पौड़ी जा रही जीएमओयू (गढ़वाल मोटर्स आनर्स यूनियन) बस के ब्रेक फेल होने पर चालक ने सूझबूझ से 30 लोगों को बचा लिया।
नियंत्रण खो चुकी बस को चालक ने पहाड़ी पर टकरा दी।
बस के सड़क पर ही पलटने से पांच लोग घायल हो गए, लेकिन बड़ी दुर्घटना होने से टल गई।
सोमवार को कोटद्वार से सुबह सात बजे जीएमओयू की बस पौड़ी के लिए चली।
बस में कुल्हाड गांव के पास और अन्य जगहों से जीआईसी सतपुली के स्कूली बच्चे भी बैठे। सुबह करीब नौ बजे बस जैसे ही सतपुली मल्ली के पास पहुंची, बस अनियंत्रित होने लगी। यात्रियों में हड़कंप मच गया।
चालक राम सिंह ने सूझबूझ के साथ बस को पहाड़ी से टकरा दिया। बस के सड़क पर पलटने से पांच यात्री घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे सतपुली मल्ली के ग्रामीणों एवं सतपुली पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायलों में जीआईसी मैटाकुंड में तैनात शिक्षक आजाद सिंह निवासी हरिसिंहपुर कोटद्वार, जूनियर हाईस्कूल कठूली में तैनात जयदेवपुर के जमुना दत्त, सुरेंद्र सिंह चौंडी निवासी बदलुपर मल्ला, राम सिंह रावत (उपकोषागार) सतपुली और परिचालक जितेंद्र शामिल हैं, उन्हें कोटद्वार रैफर कर दिया गया। कोटद्वार अस्पताल से शिक्षक आजाद छोड़कर अन्य को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।