ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तोता घाटी में मार्ग खोलने का काम मुश्किल हो गया है। गत रात्रि यहां पोकलैंड के ऊपर बोल्डर गिर गए। हादसे में दो ऑपरेटर घायल हो गए, जिनको ऋषिकेश भेजा गया है। मशीन को हटाने के लिए ऋषिकेश से क्रेन मंगवाई गई है।
देवप्रयाग से करीब 25 किमी दूर तोताघाटी में पिछले पांच दिन से हाईवे अवरुद्ध है। 18 जुलाई तड़के यहां लगभग 60 मीटर मार्ग ध्वस्त हो गया था। 21 जुलाई की रात ऋषिकेश की ओर से पोकलैंड मशीन बोल्डर हटा रही थी, इसी दौरान मशीन पर बोल्डर गिर गया। ऑपरेटरों ने किसी तरह बाहर कूदकर जान बचाई। अब स्थिति यह है कि मशीन को बिना क्रेन के हटाया नहीं जा सकता है। यदि यहां काम करने की कोशिश की गई, तो मशीन खाई में गिर सकती है। ईई बीएन द्विवेदी ने बताया कि एक आपरेटर को ज्यादा चोट आई हैं। उसे उपचार के लिए ऋषिकेश भेजा गया है।