गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव में मताधिकार के लिए कतार में खड़ी छात्राएं।
- फोटो : SHRINAGAR
एचएनबी गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में छात्र संघ अध्यक्ष पद पर जय हो ग्रुप के अंकित रावत और सचिव पद आर्यन ग्रुप के प्रदीप रावत विजयी रहे, जबकि उपाध्यक्ष पद पर छात्रम ग्रुप के अनमोल भंडारी और कोषाध्यक्ष पद पर हरेंद्र सिंह ने जीत दर्ज की। विवि प्रतिनिधि (यूआर) पद पर निवर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष (उपाध्यक्ष) आईसा के अंकित उछोली ने विजय हासिल की। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने देर शाम विजय जुलूस निकाला। छात्र संघ चुनाव में पंजीकृत सात हजार 214 मतदाताओं में से तीन हजार 732 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 51.75 फीसदी रहा।
बिड़ला परिसर छात्र संघ चुनाव के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से 14 पोलिंग बूथों में मतदान शुरू हुआ। वहीं मतगणना दो राउंड में संपन्न हुई। मतगणना लिस्ट में जोड़ में अंतर आने पर दोबारा से लिस्ट की जांच की गई। देर शाम मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एसएन बहुगणा ने चुनाव परिणाम की घोषणा की।
अध्यक्ष पद पर जय हो के अंकित रावत ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के ऋषभ रावत को 45 वोटों से हराया। अंकित को 1818 और ऋषभ को 1773 मत मिले, जबकि 74 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। उपाध्यक्ष पद पर छात्रम के अनमोल भंडारी को 1989, एसएफआई की निवेदिता को 1038 और प्रदीप कुमार को 585 मत मिले। अनमोल 951 मतों से विजयी रहे।
सचिव पद पर आर्यन ग्रुप के प्रदीप रावत ने 874 मतों से विजय दर्ज की। प्रदीप रावत को 1991 और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी एनएसयूआई के सूरज गुसांई को 1117 मत मिले। डीएसओ की मनीषा सेमवाल को 506 मतों से संतोष करना पड़ा। कोषाध्यक्ष पद पर हरेंद्र सिंह को 2077 और पंकज रावत को 1384 मत मिले। हरेंद्र 693 मतों से विजयी घोषित किए गए।
यूआर पद पर अंकित उछोली को 1948, नितिन झिंक्वाण को 1106 और गौरव राणा को 554 मत मिले। अंकित 842 मतों से विजयी रहे। वहीं छात्रा प्रतिनिधि पद पर रिंकी रावत, सहसचिव पद पर अंकित सिंह और कार्यकारिणी सदस्य पर अंकित सिंह, सौरभ चंद्र व स्वाति का निर्विरोध चुनाव हुआ।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर छात्र संघ अध्यक्ष चुने जाने पर समर्थकों के साथ खुशी मनाते अंकित रावत?- फोटो : SHRINAGAR