पौड़ी। मंडल मुख्यालय पौड़ी के इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पहले दिन अंडर-14, 17 व 19 बालिका वर्ग के मुकाबले खेले गए। अंडर-19 बालिका वर्ग में ऊधमसिंह नगर चैंपियन बना। वहीं अंडर-17 में देहरादून व पौड़ी और अंडर-14 में पिथौरागढ़ व अल्मोड़ा की टीमों ने फाइनल में प्रवेश किया।
सोमवार को इंडोर स्टेडियम पौड़ी में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष पौड़ी यशपाल बेनाम ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन लाता है। वहीं खिलाड़ी को उसके लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाता है। विशिष्ट अतिथि अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक महावीर बिष्ट ने खिलाड़ियों से शराब, धूम्रपान व ड्रग्स से हमेशा दूर रहने का आह्वान किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला अंडर-19 बालिका वर्ग में हरिद्वार व नैनीताल के बीच खेला गया। इसमें हरिद्वार ने नैनीताल को 2-0 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में उधमसिंह नगर ने चमोली और तीसरे में देहरादून ने पौड़ी को 2-0 से हराया। मुकाबले के पहले सेमीफाइनल में अल्मोड़ा ने हरिद्वार को और दूसरे सेमीफाइनल में ऊधमसिंह नगर ने देहरादून को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में ऊधमसिंह नगर ने अल्मोड़ा को 2-0 से मात देकर मुकाबला अपने नाम किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में बागेश्वर ने हरिद्वार, पिथौरागढ़ ने चमोली, पौड़ी ने रुद्रप्रयाग, देहरादून ने बागेश्वर, पौड़ी ने ऊधमसिंह नगर और नैनीताल ने टिहरी को पराजित किया। पहले सेमीफाइनल में देहरादून ने पिथौरागढ़ और दूसरे सेमीफाइनल में नैनीताल ने पौड़ी को 2-0 से हरा फाइनल में स्थान पक्का किया। अंडर-14 में पौड़ी ने ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा ने चमोली, देहरादून ने रुद्रप्रयाग, नैनीताल ने पौड़ी और पिथौरागढ़ ने टिहरी को शिकस्त दी। सेमीफाइनल के पहले मुकाबले में अल्मोड़ा ने देहरादून को और पिथौरागढ़ ने नैनीताल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। प्रेम प्रकाश गरजौला, रवि रावत, विक्रम कठैत, मनोज जोशी, हीरा बिष्ट, अनूप रावत, मानस शाह, सीमा पुनेरा, संध्या भंडारी, उमा रौथाण, रचना सिरस्वाल, मनीष जोशी, प्रेम रावत, रचित, रीना बागड़ी प्रतियोगिता में निर्णायक रहे। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र खंकरियाल ने किया। इस अवसर पर प्रभारी डीईओ माध्यमिक बिमल चंद्र बहुगुणा, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, आयोजक सुमंत सिंह नेगी, आयोजन सचिव विनीता शाह, सह-समन्वयक राजेंद्र सिंह रावत, उप-क्रीड़ा अधिकारी अरुण बनग्याल, कमल उप्रेती, डा. कमलेश मिश्रा, जयदीप रावत, श्रीचंद सिंह, मंगल चौहान, कृपाल पटवाल व जयकृत भंडारी आदि मौजूद थे।