देवप्रयाग। पट्टी पालकोट की ग्राम पंचायत भदनी में पिछले एक महीने से भालू की दहशत बनी हुई है। ग्राम प्रधान मुकेश बेड़वाल व ग्रामीणों ने सोमवार को मणिकनाथ रेंज, देवप्रयाग के रेंजर एमएस रावत को ज्ञापन सौंपकर भालू के भय से निजात दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वन विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रधान बेड़वाल के अनुसार बीती सात अक्तूबर से भालू गांव के आसपास घूम रहा है। भालू कभी घरों में भी घुस जा रहा है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। रेंजर के अनुसार गांव में भालू की सूचना के बाद से वन विभाग की टीम दिन-रात यहां गश्त कर रही है।
साथ ही भालू को भगाने के प्रयास में भी जुटी है। ग्राम प्रधान ने भालू के बढ़ते आक्रामक व्यवहार पर गांव में बड़ी घटना होने की आशंका जताई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू के भय निजात दिलाने के लिए उसे शीघ्र पिंजरे में कैद किए जाने की मांग की है।