कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने तहसील यमकेश्वर के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में होने वाली गंगा आरती व योग शिविरों पर 31 मार्च तक रोक लगा दी है।
यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया गया है। गंगा आरती और योग शिविर में बाहरी लोगों की भीड़ न हो इसलिए आयोजन पर रोक लगाई गई है। डीएम ने कहा कि बाहरी पर्यटक मंदिरों में होने वाली आरती कार्यक्रमों में शामिल न हो, इसके लिए ज्वाल्पा देवी मंदिर, सिद्धबली मंदिर कोटद्वार, धारी देवी मंदिर कलियासौड़ श्रीनगर, क्यूंकालेश्वर मंदिर पौड़ी, बाहरी श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों के लिए बंद रहेंगे। मंदिरों में दैनिक पूजा विधि-विधान से होती रहेगी। डीएम ने कहा कि सभी पालिका क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों पर हाथ धोने के लिए पानी, साबुन आदि की व्यवस्था मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।