श्रीनगर। नगर के आवास विकास मैदान में 4 से 10 नवंबर तक आयोजित होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों व सुरक्षा व्यवस्था का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार एवं जिला प्रशासन की टीम के साथ आवास विकास मैदान पहुंचकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सभी व्यवस्थाओं को मजबूत और सुव्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने मेला परिसर में भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश एवं निकास द्वारों की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कवरेज की स्थिति का निरीक्षण किया। एसएसपी ने डायल 112 रेस्पॉन्स टीम, ट्रैफिक यूनिट और सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा, कोतवाल जयपाल नेगी आदि मौजूद रहे।