ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे बुधवार को फरासू के समीप भारी मलबा आने से करीब दो घंटे तक बंद रहा। इस दौरान श्रीनगर और रुद्रप्रयाग की ओर से आने जाने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मार्ग के बार-बार बंद होने से लोगों ने रोष भी जताया।
फरासू के समीप करीब सुबह 8.30 बजे जाम में फंसे लोगों ने एनएच लोक निर्माण विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि राजमार्ग पर उन्हें जगह-जगह जाम का सामना करना पड़ रहा है। एक साल तक तोताघाटी के बंद रहने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इसके बाद भी तोताघाटी को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। ऐसे में लोगों को अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं दूसरी ओर एनएच लोनिवि के सहायक अभियंता राजीव शर्मा ने बताया कि फरासू के समीप बने डेंजर जोन पर स्कैलिंग का काम चल रहा है। इस दौरान पहाड़ी से लूज मलबे को हटाया जा रहा है। कुछ समय की दिक्कत के बाद यहां पर हमेशा की समस्या खत्म की जा रही है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील भी की है। संवाद