पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में 74वीं जनपदीय विद्यालयी शिक्षा शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता गढ़देवा का आगाज हो गया है। प्रतियोगिता के पहले दिन मंगलवार को विभिन्न वर्गों में दौड़ व गोला फेंक प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। जिनमें खिलाड़ियों ने बखूबी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रांसी स्टेडियम में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता गढ़देवा का उद्घाटन अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल डॉ. एसबी जोशी ने किया। उन्होंने खेल भावनाओं के साथ खेलाें में प्रतिभाग करने को कहा। कहा कि पहाड़ के युवा अपने हुनर को तराशकर खेलों में बेहतर भविष्य बना सकते हैं। इस मौके पर बीते साल के जिला विजेता एथलीट खिर्सू ब्लॉक निवासी रितिक रावत ने खेल मशाल के साथ मैदान में दौड़ लगाकर गढ़देवा क्रीड़ा प्रतियोगिता की शुरुआत की। शहर के जीजीआईसी समेत विभिन्न विद्यालयों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जबकि जीआईसी, एमआईसी, डीएवी आदि विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स, पाबाै, खिर्सू, कल्जीखाल, दुगड्डा, यमकेश्वर, एकेश्वर, थलीसैंण, रिखणीखाल आदि ब्लॉकों ने मार्च पास्ट किया।
प्रतियोगिता के तहत 800 मीटर बालक सीनियर वर्ग की दौड़ में हेमंत रावत थलीसैंण प्रथम, मोहित पाबौ द्वितीय व सूरज यमकेश्वर तृतीय रहे। इसी दौड़ के जूनियर वर्ग में धर्मेंद्र पौड़ी प्रथम, अनीष नेगी थलीसैंण, अतुल नेगी यमकेश्वर तृतीय रहे। इस मौके पर 1500 मीटर बालक जूनियर वर्ग की दौड़ में पाबौ के अविनाश ने पहला, पौड़ी के धर्मेश ने दूसरा व थलीसैंण के साहिल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
600 मीटर बालिका सब जूनियर वर्ग की दौड़ में कोट की खुशी प्रथम, यमकेश्वर की राधिका द्वितीय व पाबौ की सोनम तृतीय रहीं। इसी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में प्रकाश नेगी थलीसैंण प्रथम, आशीष दुगड्डा द्वितीय व बलराम रिखणीखाल तृतीय रहे। 500 मीटर बालका सीनियर वर्ग में रोहन रिखणीखाल प्रथम, लीलानंद थलीसैंण द्वितीय व दीपांशु यमकेश्वर तृतीय रहे। गोला फेंक बालिका सीनियर वर्ग में लकी द्वारीखाल प्रथम, तनुजा खिर्सू द्वितीय व सुनीता थलीसैंण तृतीय रहीं। इस मौके पर ब्लाॅक प्रमुख पौड़ी दीपक खुगशाल, प्रभारी सीईओ नागेंद्र बर्तवाल, स्थल संयोजक डॉ. सावित्री शैव नेगी, जयदीप रावत, कमल रावत और कमल उप्रेती आदि शामिल रहे।