विकासखंड कीर्तिनगर और देवप्रयाग के तीन मोटर मार्गों की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिलने पर टोकन मनी भी जारी कर दी गई है। इसके बाद विभाग की ओर से निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि राज्य योजना के तहत विकास खंड कीर्तिनगर व देवप्रयाग के घंडियालधार-पांडव मार्ग से पल्यापटाला, बगडवालधार से छड़ा होते हुए मैंखडी व त्यणी बैंड से बॉगा रामपुर तक मोटर मार्गों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से मोटर मार्गों के प्रथम चरण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। विधायक ने बताया कि ग्रामीण, वर्षों से गांव को मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग कर रहे थे। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति मिली है। शासन की ओर से इन 16 किमी मोटर मार्गों और पुलियों के निर्माण के लिए 115.59 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय जनता को शीघ्र ही इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे। विधायक ने मोटर मार्गों की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री व मंत्री का आभार व्यक्त किया है।