विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग के दो मोटर मार्गों के निर्माण पर 137.96 लाख की धनराशि खर्च की जाएगी। प्रमुख सचिव की ओर से इसका शासनादेश जारी कर दिया गया है।
विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से मोटर मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि मोटर मार्ग के अभाव में उन्हें पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। इसके बाद शासन ने राज्य योजना के तहत टकोली से रणसोलीधार होते हुए त्यालनी तक चार किमी मोटर मार्ग व 24 मीटर स्पान पुल स्वीकृत किया है। इस मोटर मार्ग के निर्माण पर करीब 40 लाख खर्च किए जाएंगे जबकि जखंड संपर्क मार्ग से तैंधार होते हुए बड़ेथ तक तीन किमी मोटर मार्ग को मंजूरी मिली है। इसके निर्माण पर करीब 97.86 लाख खर्च होंगे। विधायक ने बताया कि टकोली-त्यालनी मोटर मार्ग निर्माण से ग्रामीणों को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में आने जाने में काफी सुविधा होगी। मोटरमार्ग के अभाव के कारण ग्रामीणों को वाहन से दूसरे क्षेत्र में जाने के लिए करीब 30 किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा था।