इस वर्ष स्नातक परीक्षा और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में हुई देरी की वजह से गढ़वाल विवि में स्नातकोत्तर और बीटेक में भी प्रवेश लटक गए हैं। इसे देखते हुए विवि प्रशासन ने उक्त कक्षाओं में प्रवेश की अंतिम तिथि आगे खिसका दी है। अब अभ्यर्थी पांच अक्तूबर तक प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।
गढ़वाल विवि की ओर से स्नातकोत्तर, फार्मेसी और इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पूर्व में 15 सितंबर तक आवेदन पत्र जमा करने की तिथि तय की गई थी, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है। इन दिनों गढ़वाल विवि समेत अन्य विश्वविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। जो 10 अक्तूबर तक चलेंगी। वहीं अभी जेईई (एडवांस) की परीक्षा होनी है, जिसके चलते स्नातकोत्तर, बीफार्मा लेटरल इंट्री, बीटेक प्रथम वर्ष और बीटेक लेटरल इंट्री में प्रवेश के लिए इंतजार करना पड़ेगा। जब तक स्नातक एवं जेईई (एडवांस) के रिजल्ट आते हैं, तब तक उक्त पाठ्यक्रमों में कक्षा चलनी मुश्किल है। गढ़वाल विवि के कुलसचिव प्रो. एनएस पंवार ने बताया कि परीक्षाओं को देखते हुए बीफार्मा लेटरल इंट्री, स्नातकोत्तर, बीटेक और बीटेक लेटरल इंट्री में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की तिथि पांच अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि बीएड, एमएड, बीपीएड और एमपीएड में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र जमा करने की तिथि भी जल्दी घोषित की जाएगी।