हाल ही में फिजिशियन और सर्जन मिलने से मिली थी राहत
एकल व्यवस्था पर संचालित है नेत्र विशेषज्ञ की ओपीडी
कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल में आगामी सोमवार एक और विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध होंगे। नाक-कान-गला रोगियों को अब काफी सुविधा होगी। वहीं, अस्पताल में अब केवल नेत्र विशेषज्ञ की ओपीडी ही एकल व्यवस्था पर संचालित शेष बची है।
राजकीय बेस अस्पताल में एक-एक कर विशेषज्ञ चिकित्सकों और मेडिकल अफसरों की तैनाती होने से मरीजों और अस्पताल प्रशासन को काफी राहत पहुंची है। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने बताया कि अस्पताल की ईएनटी ओपीडी में एक और विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती की गई है। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मुकेश वर्मा आगामी सोमवार से अस्पताल में नाक-कान-गला मरीजों को उपलब्ध होंगे। वे पोखड़ा से कोटद्वार पहुंचेंगे। अब तक एकमात्र ईएनटी डॉ. अमन अग्रवाल के अवकाश पर होने, शिविर में ड्यूटी पर जाने अथवा इमरजेंसी में ड्यूटी में होने पर ओपीडी को बंद करना पड़ रहा था। अब दो ईएनटी विशेषज्ञ होने पर मरीजों को रोजाना ही विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हो सकेंगे।
हाल ही में अस्पताल को एक फिजिशियन डॉ. दीपिका एवं इससे कुछ पहले जनरल सर्जन डॉ. मयंक नौटियाल मिलने से अस्पताल प्रशासन एवं रोगियों ने राहत की सांस ली थी। अब अस्पताल में केवल नेत्र चिकित्सा की ओपीडी एकल व्यवस्था पर संचालित है। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार सिंह के पिछले दिनों लंबे अवकाश पर होने से ओपीडी बंद रहने पर मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। मरीजों ने अस्पताल में एक और नेत्र विशेषज्ञ की तैनाती की मांग की है।