विकास खंड कीर्तिनगर के जोगणीसैंण में शिलान्यास के सात साल बाद पॉलिटेक्नीक भवन का निर्माण नहीं होने पर लोगों में आक्रोश है। कहा कि बजट के बाद भी निर्माण कार्य अधर में लटकने से क्षेत्र के लोगों को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है।
मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में स्थानीय लोगों ने कहा कि 14 दिसंबर 2016 को यहां पॉलिटेक्नीक भवन का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू करवाया गया था। भवन निर्माण के लिए ग्रामीणों ने अपनी 110 नाली भूमि सरकार को दान की थी। बावजूद कार्य अधर में लटक गया। वर्ष 2021 में स्थानीय विधायक विनोद कंडारी ने पॉलिटेक्नीक भवन निर्माण के लिए नाबार्ड से तीन करोड़ 25 लाख का बजट स्वीकृत कराया। इस पर भवन निर्माण का कार्य शुरू किया गया लेकिन उसके कुछ समय बाद ही फिर से भवन निर्माण का कार्य ठप पड़ गया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य मेघा बडोनी, कमलानंद बडोनी, खेमराज लखेड़ा व दयाराम बडोनी ने कहा कि यदि पॉलिटेक्नीक कॉलेज के भवन का निर्माण जल्दी हो जाता तो इसका लाभ क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं को मिलता। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से भवन निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करवाने की मांग की है।