श्रीनगर। तहसील के अंतर्गत सुमाड़ी में बन रहे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के निर्माण कार्य पर खालू, चमराड़ा एवं नयालगढ़ के ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि एनआईटी निर्माण कार्य में मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
इस संदर्भ में उपजिलाधिकारी श्रीनगर को भेजे ज्ञापन में क्षेत्र पंचायत सदस्य चमराड़ा सुरजीत सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान खालू अमित कंडारी और आशीष चमोली ने कहा कि एनआईटी निर्माण कार्य में लगी कार्यदायी संस्था द्वारा 12 ग्राम सभाओें को जोड़ने वाले खंडाह-सुमाड़ी मोटरमार्ग पर आवासीय टेंट बनाकर आवाजाही बाधित की जा रही है। साथ ही मोटरमार्ग पर बड़े-बड़े वाहनों से धूल और मिट्टी उड़ रही है, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था पर लगातार मानकों एवं नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से ग्रामीणों के नाप एवं ग्रामीण पंचायत की भूमि पर कब्जा कर अपना डंपिंग जोन बनाए जाने का आरोप भी लगाया। कहा कि जब ग्रामीणों द्वारा डंपिंग जोन को लेकर संस्था से अनुमति दिखाने की बात की जा रही है तो ग्रामीणों को गुमराह करने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही बिना अनुमति के फलदार और इमारती पेड़ों को काटा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई नहीं होती है तो वह निर्माण कार्य पर ही धरने में बैठने के लिए बाध्य हो जाएंगे।