- मांगें पूरी न होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने कामकाज ठप किया, बीएलओ ड्यूटी न करने की चेतावनी
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया कार्य बहिष्कार, केंद्रों पर लटके ताले
कीर्तिनगर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के आह्वान पर बीते शनिवार यानी चार अप्रैल को आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताले लटक गए और कार्यकर्ताओं ने पूर्ण कार्य बहिष्कार कर दिया। किसी भी केंद्र पर कामकाज नहीं हुआ और कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया कि मांगें पूरी होने तक वे कार्य पर नहीं लौटेंगी और बीएलओ ड्यूटी भी नहीं करेंगी।
इससे पहले शनिवार को संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष नीलम नेगी के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि 14 मार्च 2026 को प्रदेश स्तरीय रैली के दौरान मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रही कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने रोककर जबरन गाड़ियों में भर दिया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, जिससे उनमें भारी रोष व्याप्त है।
कार्यकर्ताओं के अनुसार, इस घटना के विरोध में वे पहले ही अपने-अपने केंद्रों में केवल उपस्थिति दर्ज कर पोषण ट्रैकर सहित अन्य कार्यों का बहिष्कार कर रही थीं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई।
इसी के चलते अब कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को तेज करते हुए 4 अप्रैल से पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक मानदेय वृद्धि सहित उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।ज्ञापन सौंपने वालों में बसंती देवी, उमा देवी, पुष्पा देवी, रीना देवी और संगीता देवी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहीं।