संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। जनपद के सभी विद्यालयों को आधुनिक डिजिटल शिक्षण संसाधनों से लैस किया जा सकेगा। डीएम ने शिक्षा विभाग को स्मार्ट कक्षाओं से विहीन विद्यालयों की सूची बनाकर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डायट में निर्माणाधीन कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चड़ीगांव में बुधवार को आयोजित सलाहकार समिति की बैठक में डीएम स्वाति एस भदौरिया ने शिक्षक शिक्षा, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, अवसंरचना विकास और एनईपी -2020 की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय भाषा व संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए बस्ता रहित दिवस पर छात्राें को गढ़वाली में भी पठन-पाठन कराए जाने को कहा।
डीएम ने बाल मेला, आनंदम, कौशलम, अबेकस, बेसिक कंप्यूटर, पायथन, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, जैव विविधता संवर्धन, बालसखा कार्यक्रम और सेवारत शिक्षक प्रशिक्षण के तहत विभिन्न शैक्षिक और नवाचार आधारित कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप विदेशी भाषाओं को भी शामिल किए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। प्राचार्य स्वराज सिंह तोमर ने संस्थान में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारियां दीं। इस मौके पर सीईओ अत्रेश सयाना, डीईओ अंशुल बिष्ट, बीईओ मास्टर आदर्श आदि मौजूद रहे।