कोट ब्लॉक स्थित कठूड़ गांव निवासी कौशल्या देवी की मदद के लिए प्रशासन आगे आ गया है। अमर उजाला ने 17 जुलाई के अंक में ‘कौशल्या ने हल से किया रोजी-रोटी के मुश्किल सवाल को हल’ शीर्षक से खबर छापी थी। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर शनिवार को कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारी कौशल्या के घर पहुंचे। उनकी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
कौशल्या पति की मौत के बाद आठ साल से ग्रामीणों के खेत में हल जोतकर अपनी आजीविका चला रही हैं। मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि विभाग कौशल्या देवी को छोटे कृषि यंत्र (दराती, कुदाल, निसुड़ा) प्रदान करेगा। साथ ही उन्हें गेहूं, मसूर के बीज भी दिए जाएंगे। विभाग एक वर्षा जल संग्रहण टैंक भी तैयार करेगा।
डीएचओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि कौशल्या देवी को एक पॉलीहाउस दिया जाएगा। सब्जी के बीज भी प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख कोट प्रमिला नेगी, ग्राम प्रधान दीपक रावत, सामाजिक कार्यकर्ता सरिता नेगी आदि मौजूद रहे।
पेयजल कनेक्शन लगाने के भी निर्देश
पौड़ी। कौशल्या देवी को आज तक पेयजल कनेक्शन नहीं मिला है। मामला सामने आने पर डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने जल संस्थान के अधिकारियों को जल्द ही पेयजल कनेक्शन लगाए जाने के निर्देश दिए हैं। संस्थान के ईई एसके गुप्ता ने बताया कि एई को स्थिति का आंकलन करने को कहा गया है। संवाद