पौड़ी। सतपुली के निकटवर्ती गांव रैतपुर निवासी मृतक पंकज कुमार के मामले में आईजी गढ़वाल ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। कहा कि मामले की जांच जारी है जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को पौड़ी पहुंचे आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने कहा कि एएसपी कोटद्वार को मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। किन हालातों में यह घटना हुई इसकी गहनता से जांच की जाएगी। मामले में कहीं भी कोई लापरवाही हुई है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। जांच प्रभावित न हो इसके लिए सतपुली के तत्कालीन थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर किया गया है। बता दें बीते दो अप्रैल को रैतपुर गांव के निवासी पंकज कुमार (21) ने विकासखंड जयहरीखाल के भिताड़ा पुल पर दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी थी।
सतपुली थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज हो
हिमालय क्रांति पार्टी ने पदाधिकारियों ने एसएसपी को ज्ञापन दिया
पौड़ी। सतपुली युवक के मौत के मामले में हिमालय क्रांति पार्टी ने पदाधिकारियों ने एसएसपी को ज्ञापन दिया। उन्होंने थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस के उत्पीड़न से तंग आकर युवक ने जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक ने सोशल मीडिया पर डाले अपने सुसाइड नोट में सतपुली पुलिस पर नियम विरुद्ध बाइक सीज करने, मारने, थाने में परिजनों के सामने जलील करने, गाली-गलौज करने आदि गंभीर आरोप लगाए थे।
चेतावनी दी कि एसएसपी नियमित रूप से मुख्यालय नहीं बैठे और आरोपी थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मियों एक हफ्ते में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने मुख्यालय में एसएसपी के नादारद रहने पर नाराजगी जताई। एसएसपी यमकेश्वर में कैंप कार्यालय बनाकर वहीं से कामकाज संचालित कर रहे हैं। इससे मुख्यालय पहुंचने वाले फरियादियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत, सुरेश चमोली, विपिन कुकरेती, सूरज सिंह नेगी, शिव कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।