पौड़ी। जिले में नदियां प्रदूषित कर रहे उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा। सीडीओ ने उद्योग विभाग व नगर निगम कोटद्वार को ऐसे उद्योगों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन में जिला गंगा समिति की बैठक लेते हुए सीडीओ गिरीश गुणवंत ने गंगा संरक्षण से जुड़े कार्यों, नगर निकायों की स्वच्छता व्यवस्था, औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण, सॉलिड वेस्ट प्रबंधन व मेडिकल वेस्ट निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने जिला पंचायत को ग्रामीण बाजारों/कस्बों और ब्लॉक स्तर पर स्थापित कॉम्पेक्टर मशीनों के संचालन के लिए पर्याप्त सफाई कर्मियों को तैनात करने के निर्देश दिए। कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर सूखे एवं गीले कूड़े को अलग-अलग कर उसका निस्तारण किया जाए। मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा कर सीडीओ ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों के मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर डीडीओ मनविंदर कौर, ईई जल निगम नवनीत कटारिया, एसडीओ वन लक्की शाह, पीएम स्वजल दीपक रावत आदि मौजूद रहे। संवाद