पौड़ी। मुख्यालय की सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश की समस्या को लेकर नगर पालिका ने सख्ती बढ़ा दी है। पालिका अब टैग लगे गोवंश स्वामियों की पहचान कर कार्रवाई करेगी। बीते सोमवार को डीएम के जनता मिलन कार्यक्रम में शहरवासियों ने निराश्रित गोवंश की समस्या को उठाया था। शिकायत पर डीएम स्वाति एस भदौरिया ने पालिका को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे जिसके बाद मंगलवार को पालिका ने अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशों को सड़कों से हटाने का कार्य शुरू किया। अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि क्षेत्र से 12 गौवंशों को कांजी हाउस पहुंचा दिया है और कई जगहों पर लोग टैग लगे गोवंशों को जानबूझकर सड़कों पर छोड़ रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान अब सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। साथ ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। संवाद
-
योग से निरोगी बनाएगा नमस्ते योग ऐप
पौड़ी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयुर्वेदिक व यूनानी विभाग की ओर से नमस्ते योग ऐप के माध्यम से अधिकारी-कर्मचारियों को योग करने के लिए जागरूक किया गया। चिकित्साधिकारी डॉ. त्रिभुवन बेंजवाल ने केंद्र सरकार की ओर से संचालित ऐप की जानकारियां दीं। बताया कि इस ऐप से लोग सीमित समय में भी सरल योगाभ्यास कर सकते हैं। विभाग की ओर से विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों में कर्मचारियों को ग्रीवा संचालन, ताड़ासन, पद्मासन, भद्रासन, त्रिकोणासन आदि योगासनों व प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस मौके पर योग अनुदेशिका गीता बिष्ट, अनिल सेमवाल, अंकित मुंडेपी, विजय लक्ष्मी, आदित्य राणा, अभिषेक पोखरियाल, देवेंद्र आदि मौजूद रहे। संवाद
-