पौड़ी। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित होने वाली विभिन्न पेंशन और छात्रवृत्ति योजनाओं में आधार सीडिंग का कार्य विशेष अभियान चलाकर किया जाएगा। इसके लिए समाज कल्याण और इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की ओर से समस्त ब्लॉकों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया ने बताया कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी पेंशनधारकों व छात्रवृत्ति योजना के लाभ पाने वाले विद्यार्थियों की आधार सीडिंग कराना अनिवार्य होगा। बताया कि जिनके खातों से आधार लिंक नहीं हुए हैं, उन्हें पेंशन व छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा।
बैंक खातों में आधार सीडिंग नहीं होने से 2022 - 23 में 629, 2023 - 24 में 1309 जबकि 2024 - 25 में 407 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं मिला। हालांकि वर्तमान में 13,988 लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा सहायता पेंशन (केंद्र पोषित) योजना के अंतर्गत लाभ ले रहे हैं। जिसमें 12,477 की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है। जबकि विभिन्न पेंशन योजनाओं के लिए सभी विकासखंडों में 1511 लाभार्थियों की आधार सीडिंग की जानी है। विशेष शिविरों में आधार सीडिंग कार्य 29 मई से 18 जून तक किया जाएगा। उन्होंने सभी लाभार्थियों को विशेष शिविरों में उपस्थित होकर आधार सीडिंग करवाने की अपील की है।