बडगाम में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान मौजूद जवान। संवाद
- फोटो : SHRINAGAR
पुलवामा। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा के त्राल इलाके में वीरवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। इसके पास से हथियार बरामद हुए हैं। घाटी में तीन दिनों में दो आतंकियों को मार गिराने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली है।
इलाके के मगामा में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी की। इस दौरान घर-घर की तलाशी ली गई। घेरा सख्त होता देख आतंकी ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। शुरुआत में जवाबी कार्रवाई करने के बजाय सुरक्षाबलों ने संयम बरतते हुए उसे आत्मसमर्पण का मौका दिया। इसके बाद भी वह नहीं माना और सुरक्षा बलों पर फायरिंग करता रहा। इस पर जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया गया।
इससे पहले 22 सितंबर को बडगाम जिले के चरार-ए-शरीफ इलाके में 15 घंटे से अधिक चली मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी संबूरा पांपोर के आसिफ मुजफ्फर को मार गिराया गया था। वर्ष 2014 में आसिफ जब 19 वर्ष का था तो आई बाढ़ के दौरान उसने संबूरा इलाके में 23 सुरक्षा कर्मियों को रेस्क्यू किया था। इस कार्य की प्रशासन और स्थानीय लोगों ने सराहना की थी। काकपोरा इलाके में स्टेशनरी की दुकान करने वाला आसिफ गत 10 अगस्त को आतंकी संगठन में शामिल हुआ था।
मासूम बच्चे को लाने पर भी नहीं पसीजा आतंकी
बताते हैं कि समर्पण के लिए सुरक्षाबलों ने पूरी कोशिश की। आतंकी के मासूम बच्चे को भी घटनास्थल पर लाकर अपील कराई गई लेकिन वह नहीं माना। त्राल के डीएसपी अपनी गाड़ी में लगे स्पीकर से लगातार समर्पण की अपील करते रहे। वे कहते रहे कि बाहर आकर हथियार डाल दे, लेकिन उसने एक न सुनी।