पड़ोस के युवक ने किसी तरह डंडे से बंदर को भगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
देवप्रयाग। निकटवर्ती गांव तुंणगी में मंगलवार को बंदर ने आठ वर्षीय बालक की गर्दन पर काटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पड़ोस के युवक ने किसी तरह डंडे से बंदर को भगाकर बालक को उससे छुड़वाया। घायल को परिजन सीएचसी बागी ले गए जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बालक की स्थिति में सुधार नहीं होने पर बुधवार को परिजन उसे श्रीनगर बेस अस्पताल ले गए।
मंगलवार शाम को तुंणगी गांव में बंदर ने कमरे में बैठे आठ वर्षीय बालक नक्ष जियाल पर अचानक हमला कर उसकी गर्दन पर बुरी तरह काट दिया। बंदर ने उसके 4 वर्षीय भाई प्रत्यूष पर भी हमले की कोशिश की। बच्चो की चीख सुनकर पड़ोस का युवक बब्बर सिंह वहां पहुंचा। युवक के अनुसार बंदर ने बालक के कंधे पर चढ़कर उसकी गर्दन पर काट दिया था। युवक ने डंडे से किसी तरह नक्ष को बंदर से छुड़वाया। घटना के समय बालक के पिता लक्ष्मण सिंह व मां बीना देवी खेतों में काम करने गए थे। परिजन लहूलुहान नक्ष को सीएचसी बागी ले गए। सीएचसी प्रभारी डॉ. हेमंत भट्ट ने बताया कि नक्ष को एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगाया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर ले गए। रेंजर मदन सिंह रावत ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जा रहा है।