मानसून की विदाई के साथ ही चारधाम यात्रा में आई तेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवप्रयाग। मानसून की विदाई और तीन दिनों के अवकाश के साथ ही चारधाम यात्रा में एक बार फिर तेज़ी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को देवप्रयाग स्थित अलकनंदा और भागीरथी के संगम पर युवाओं का हुजूम उमड़ा।
दिल्ली, नोएडा और एनसीआर क्षेत्र से पहुंचे युवा तीर्थयात्री इस बार केवल पारंपारिक दर्शन तक सीमित नहीं हैं बल्कि वे बदरीनाथ धाम के साथ-साथ तुंगनाथ और रुद्रनाथ जैसे उच्च हिमालयी ट्रैकिंग व धार्मिक स्थलों की ओर भी बड़ी संख्या में रुख कर रहे हैं। देवप्रयाग में सुबह से ही संगम घाटों पर युवाओं और पर्यटकों का तांता लगा रहा। यहां डुबकी लगाने के बाद तुंगनाथ के ट्रैकिंग रूट और भगवान रुद्रनाथ के कठिन दर्शन मार्ग की ओर युवा आगे बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही कई यात्री यहां अपने पितरों के निमित्त श्राद्ध व तर्पण भी संपन्न करा रहे हैं। चारधाम मार्ग के मुख्य पड़ाव देवप्रयाग में अचानक युवाओं की इस भीड़ से कारोबारियों, ढाबा संचालकों और होटल व्यवसायी भी खुश हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संगम क्षेत्र और प्रमुख हाईवे पॉइंटों पर जल पुलिस व अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।