पौड़ी। पद्मश्री डॉ. यशवंत कठौच ने पौड़ी नगर क्षेत्र में पूर्व स्वीकृत संग्रहालय का अभी तक निर्माण नहीं होने पर चिंता जताई है। उन्होंने डीएम ने मुलाकात कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। साथ ही पौड़ी में उत्तराखंड इतिहास-संस्कृति संग्रहालय की स्थापना की मांग उठाई।
मंडलीय संग्रहालय निर्माण समिति के अध्यक्ष/संयोजक डॉ. कठौच ने बताया कि नगर की केंद्रीय स्थिति को देखते हुए प्रदेश के पूर्व पांच-पांच मुख्यमंत्रियों ने यहां संग्रहालय स्थापना घोषणाएं की थीं। लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी संग्रहालय के नाम पर केवल फाइलें ही घुमाई जा रही हैं। वर्ष 1980 व 1998 में तत्कालीन यूपी सरकार ने पौड़ी में मंडलीय संग्रहालय निर्माण की स्वीकृति दी थी। तब जगह उपलब्ध नहीं होने के चलते इसका निर्माण नहीं हो पाया। 2015 में जिला कारागार की 690 वर्ग मीटर से अधिक भूमि संग्रहालय के लिए संस्कृति विभाग को हस्तांतरित हुई। कार्यदायी संस्था उत्तरांखड पेयजल निर्माण निगम द्वारा संग्रहालय भवन निर्माण के लिए मृदा परीक्षण, ड्राइंग एवं डिजाइनिंग भी की गई। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार बिमल नेगी व अनिल बहुगुणा शामिल रहे।